अमेरिकी विदेश विभाग
तत्काल जारी करने के लिए
फरवरी 04, 2020
अमेरिका एक बार फिर इदलिब की जनता पर असद शासन, रूस, ईरान और हिज़्बुल्ला के लगातार किए जा रहे अनुचित और निर्मम हमले की निंदा करता है। असद शासन के बलों द्वारा 3 फरवरी को तुर्की की निगरानी चौकियों पर मोर्टार हमला हिंसा में गंभीर वृद्धि है और यह आम लोगों, मानवीय सहायताकर्मियों एवं बुनियादी ढांचे को प्रभावित करने वाले क्रूरतापूर्ण हमलों की कड़ी में है। इस हमले के मद्देनज़र, जिसमें समन्वय और तनाव कम करने के कार्य में प्रयुक्त निगरानी चौकी पर तैनात तुर्की के कई सैनिकों की मौत हो गई है, हम अपने नैटो सहयोगी तुर्की के साथ हैं और तुर्की की उचित आत्मरक्षात्मक जवाबी कार्रवाइयों का पूर्ण समर्थन करते हैं। हम सैनिकों की मौत पर तुर्की सरकार से अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। असद शासन, रूस, ईरानी शासन और हिज़्बुल्ला उत्तरी सीरिया में युद्धविराम लागू करने में सीधे बाधक बन रहे हैं। ये बर्बर हमले बंद होने चाहिए, मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति मिलनी चाहिए और संयुक्तराष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2254 के तहत फिर से शांति स्थापित की जानी चाहिए। जब तक असद शासन इदलिब और पूरे राष्ट्र में युद्धविराम समेत प्रस्ताव 2254 के सभी प्रावधानों का पालन नहीं करता, अमेरिका अंतरराष्ट्रीय समुदाय में उसे फिर से शामिल करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए अपनी पूरी ताक़त लगा देगा।
