अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
तत्काल जारी करने के लिए
फरवरी 04, 2020
विदेश विभाग ने 3 फरवरी को नाइजीरिया के लोगों को 308 मिलियन डॉलर से अधिक की परिसंपत्तियों की वापसी के बारे में अमेरिका सरकार, जर्सी प्रशासन और नाइजीरिया सरकार के बीच हुए समझौते पर हस्ताक्षर के लिए आयोजित समारोह की मेज़बानी की। पूर्व सैन्य तानाशाह सानी अबाचा ने 1990 के दशक में इन परिसंपत्तियों को चुराकर विदेशों में जमा किया था। करीब 20 वर्षों के बाद ये परिसंपत्तियां नाइजीरिया की जनता को वापस की जा रही हैं।
इस धन का उपयोग नाइजीरियाई स्वतंत्र संप्रभु प्राधिकरण द्वारा पूरे नाइजीरिया के महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों में स्थित तीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में किया जाएगा। इस धन का उत्तरदायित्व के साथ और राष्ट्रहित में इस्तेमाल हो, ये सुनिश्चित करने के लिए समझौते में इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर निगरानी और बाह्य निरीक्षण की व्यवस्था को भी शामिल किया गया है; और यदि इन योजनाओं में भ्रष्टाचार या धोखाधड़ी का कोई नया मामला सामने आता है तो समझौते के अनुसार नाइजीरिया को गायब राशि उस खाते में जमा करानी पड़ेगी जोकि वापस की जा रही निधियों के लिए स्थापित किया जा रहा है। धन की यह वापसी निरंतर बढ़ती अंतरराष्ट्रीय आम सहमति को दर्शाता है कि चोरी की परिसंपत्तियों की पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से वापसी के लिए देशों को मिलकर काम करना चाहिए। यह कदम अमेरिका और ब्रिटेन द्वारा संयुक्त रूप से 2017 में आयोजित ग्लोबल फ़ोरम ऑन एसेट रिकवरी में तय सिद्धांतों के प्रति अमेरिका और नाइजीरिया की प्रतिबद्धताओं के भी अनुरूप है।
यह समझौता अमेरिका सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई को दिए जाने वाले महत्व का प्रतीक है। हम इस लड़ाई के प्रति राष्ट्रपति बुहारी की निजी प्रतिबद्धता का स्वागत करते हैं, और हम हर स्तर पर भ्रष्टाचार के मुक़ाबले में सिविल सोसायटी को और नाइजीरिया में अन्य स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों को समर्थन देना जारी रखेंगे। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई नाइजीरिया के भविष्य में निवेश है।
