
अमेरिकी विदेश विभाग
प्रेस बयान
माइकल आर. पोम्पियो, विदेश मंत्री
मई 27, 2020
आज, मैं ईरान की जेसीपीओए से जुड़ी सभी शेष परमाणु परियोजनाओं को प्रतिबंधों से मिलने वाली छूट की समाप्ति की घोषणा कर रहा हूं – इसमें अरक रिएक्टर का रूपांतरण, तेहरान रिसर्च रिएक्टर के लिए संवर्धित यूरेनियम की व्यवस्था, तथा ईरान के रिसर्च रिएक्टर के प्रयुक्त और अपशिष्ट ईंधन का निर्यात शामिल हैं। इन गतिविधियों पर प्रतिबंधों में छूट 60 दिनों की एक अंतिम समापन अवधि, जिसके दौरान इन गतिविधियों में शामिल कंपनियां और संस्थाएं अपने कार्यों को समेट सकेंगी, के बाद समाप्त हो जाएगी।
मैं ई.ओ. 13382 के तहत माजिद आग़ाई और अमजद साज़गार को ऐसी गतिविधियों में शामिल होने या शामिल होने की कोशिश के लिए प्रतिबंधित करने की भी घोषणा करता हूं, जिनसे सामूहिक विनाश के हथियारों के प्रसार में वास्तविक योगदान हुआ है या योगदान का जोख़िम पैदा हुआ है। साज़गार ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन की उस इकाई का प्रबंध निदेशक है जोकि यूरेनियम संवर्धन की गैस सेंट्रीफ़्यूज मशीनों के औद्योगिक पैमाने पर उत्पादन के लिए ज़िम्मेदार है। 2019 में, साज़गार ने ईरान के फ़रदो ईधन संवर्धन संयंत्र में सेंट्रीफ़्यूज की स्थापना के कार्य का प्रबंधन और पर्यवेक्षण किया था। इन गतिविधियों के ज़रिए साज़गार ने ईरान द्वारा अपनी परमाणु क्षमताओं के निरंतर भड़काऊ और अस्थिरकारी विस्तार में योगदान दिया है। आग़ाई भी ईरान के यूरेनियम संवर्धन सेंट्रीफ़्यूज संबंधी गतिविधियों के केंद्र में शामिल रहा है, और वह ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन की उस इकाई में प्रबंधक है जोकि उन्नत सेंट्रीफ़्यूज के अनुसंधान और विकास के लिए ज़िम्मेदार है।
ईरानी शासन ने परमाणु प्रसार से संबंधित संवेदनशील गतिविधियों का विस्तार करके अपने अस्थिरकारी परमाणु गतिविधियों को जारी रखा है। ये विस्तारवादी कार्य अस्वीकार्य हैं और इसलिए मैं जेसीपीओए से संबंधित इन गतिविधियों पर छूट के नवीनीकरण को उचित नहीं ठहरा सकता। ईरानी शासन की धमकाने वाली गतिविधियों से अंतत: ईरान पर ही दबाव बढ़ेगा और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से शासन का और अधिक अलगाव होगा। इसके अलावा, ईरान के परमाणु कार्मिकों को एक विकल्प चुनने की आवश्यकता है – परमाणु प्रसार में लगे ईरानी संगठनों के लिए काम कर प्रतिबंधों का जोख़िम मोल लेना या ईरानी जनता के लिए अपने कौशल को प्रसार के दायरे से बाहर के कार्यों में लगाना।
जेसीपीओए से संबंधित गतिविधियों पर लागू छूट समाप्त होने के साथ ही अमेरिका परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र यूनिट 1 को दिए जा रहे अंतरराष्ट्रीय समर्थन संबंधी छूट में 90 दिनों का विस्तार कर रहा है। हम ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित सभी घटनाक्रमों पर कड़ी निगरानी रखेंगे और इस छूट को किसी भी समय संशोधित कर सकेंगे।
एक ऐसा शासन जिसने अभी कुछ ही दिनों पहले “द फ़ाइनल सॉल्यूशन” का आह्वान किया था और जो निरंतर इज़रायल को मिटाने की धमकी देता है, उसे कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने नहीं देना चाहिए। अमेरिका ईरानी शासन के हालिया यहूदी विरोधी बयानों की अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा व्यापक निंदा किए जाने का स्वागत करता है। शासन के घृणित बयान उसके ख़तरे का मुक़ाबला करने के अंतरराष्ट्रीय समुदाय के संकल्प को मज़बूत करने का ही काम करते हैं।
