अमेरिकी विदेश विभाग
मीडिया नोट
प्रवक्ता का कार्यालय
मई 29, 2020
अमेरिकी विदेश विभाग के रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस कार्यक्रम के तहत आइसिस के वरिष्ठ नेता और मुख्य प्रचारक मोहम्मद खादिर मूसा रमादान के स्थान और पहचान से जुड़ी सूचनाओं के लिए 3 मिलियन डॉलर तक के पुरस्कार की पेशकश की गई है।
वह अबू बक्र अल-ग़रीब के नाम से भी ज्ञात है। रमादान जॉर्डन में पैदा हुआ था।
रमादान आइसिस के सर्वाधिक लंबे समय तक कार्यरत मीडिया पदाधिकारियों में से एक है और वह संगठन के दैनिक मीडिया कार्यों की देखरेख करता है, जिनमें आइसिस के दुनिया भर में फैले समर्थकों के नेटवर्क से प्राप्त कंटेंट का प्रबंधन भी शामिल है।
रमादान ने दुनिया भर में लोगों को कट्टरपंथी बनाने, भर्ती करने और भड़काने के आइसिस के अभियान में प्रमुख भूमिका निभाई है। उसने दुष्प्रचार से जुड़े अनेक वीडियो, प्रकाशनों और ऑनलाइन कंटेंट की योजना बनाने, समन्वय और निर्माण कार्य का नेतृत्व किया है, जिनमें यातना दिए जाने और निर्दोष आम नागरिकों को सामूहिक रूप से मौत के घाट उतारे जाने के नृशंस और क्रूर दृश्य शामिल रहे हैं।
पुरस्कार की इस पेशकश के बारे में अधिक जानकारी रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस कार्यक्रम की वेबसाइट www.rewardsforjustice.net पर उपलब्ध है। हम मोहम्मद रमादान के बारे में जानकारी रखने वाले व्यक्ति को वेबसाइट, ईमेल ([email protected]), फ़ोन (उत्तर अमेरिका में 1-800-877-3927), या पत्र (Rewards for Justice, Washington, D.C., 20520-0303, USA) के ज़रिए रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस के कार्यालय से संपर्क करने का आग्रह करते हैं। ऐसे व्यक्ति निकटतम अमेरिकी दूतावास या कांसुलेट में क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं। सभी सूचनाएं पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएंगी।
रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस कार्यक्रम एक प्रभावी क़ानून प्रवर्तन साधन है जो विदेश विभाग के कूटनीतिक सुरक्षा सेवा द्वारा संचालित किया जाता है। कार्यक्रम ने 1984 में स्थापना के बाद से आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में लाने या दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद की कार्रवाइयों को रोकने में सहायक कार्रवाई योग्य सूचनाएं देने वाले 100 से अधिक व्यक्तियों को 150 मिलियन डॉलर से अधिक का भुगतान किया है। हमें इस लिंक के ज़रिए ट्विटर पर फ़ॉलो करें https://twitter.com/Rewards4Justice.
