अमेरिकी विदेश विभाग
अमेरिकी विदेश विभाग
मीडिया नोट
प्रवक्ता का कार्यालय
मई 28, 2020
निम्नांकित बयान का पाठ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन की सरकारों द्वारा जारी किया गया है।
पाठ आरंभ :
इस बयान पर हस्ताक्षर करने वाले हांगकांग में एक राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने के बीजिंग के फ़ैसले पर अपनी गहरी चिंता को दोहराते हैं।
हांगकांग स्वतंत्रता के गढ़ के रूप में विकसित हुआ है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय का हांगकांग की समृद्धि और स्थिरता में महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक हित है। मूल क़ानून के अनुच्छेद 23 के तहत हांगकांग के स्वयं के संस्थानों के ज़रिए लाए जाने के बजाय, चीन सरकार का हांगकांग में राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून को सीधे लागू करना, हांगकांग के लोगों की स्वतंत्रताओं को कम करेगा, और इस प्रक्रिया में नाटकीय रूप से हांगकांग की स्वायत्तता और उस व्यवस्था को नष्ट करेगा, जिसने कि उसे इतना समृद्ध बनाया है।
हांगकांग में एक नया राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने का चीन का निर्णय क़ानूनी रूप से बाध्यकारी और संयुक्तराष्ट्र में दर्ज़ चीनी-ब्रितानी संयुक्त घोषणा के सिद्धांतों के तहत उसके अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के बिल्कुल खिलाफ़ है। प्रस्तावित क़ानून ‘एक देश, दो प्रणाली’ व्यवस्था को कमज़ोर करेगा। यह हांगकांग में राजनीतिक अपराधों के लिए अभियोजन की आशंका को भी बढ़ाता है, और हांगकांग की जनता के अधिकारों की रक्षा की मौजूदा प्रतिबद्धताओं को कमज़ोर करता है – जिनमें नागरिक और राजनीतिक अधिकारों संबंधी अंतरराष्ट्रीय क़रार तथा आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों संबंधी अंतरराष्ट्रीय क़रार के तहत प्रतिबद्धताएं शामिल हैं।
हम इस बात से भी बेहद चिंतित हैं कि यह कार्रवाई हांगकांग के समाज में मौजूद गहरे विभाजन को और बढ़ाएगी; यह क़ानून हांगकांग के भीतर पारस्परिक समझ के विकास और सुलह-सफ़ाई को प्रोत्साहन के लिए कुछ भी नहीं करता है। हांगकांग के लोगों को उन अधिकारों और स्वतंत्रताओं, जिनका कि उनसे वायदा किया गया था, का उपभोग करने देते हुए हांगकांग के समाज में विश्वास का पुनर्निर्माण ही पिछले साल भर से वहां बने तनाव और अशांति से बचने का एकमात्र तरीक़ा हो सकता है।
वैश्विक महामारी पर दुनिया का ध्यान केंद्रित रखने के लिए सरकारों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में विश्वास बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। पर बीजिंग के इस अभूतपूर्व क़दम का असर इसके विपरीत होने का ख़तरा है।
नया क़ानून थोपे जाने से हांगकांग की स्थिरता और समृद्धि पर ख़तरे के मद्देनज़र हम चीन सरकार से मांग करते हैं कि वह हांगकांग की सरकार और वहां की जनता के साथ मिलकर परस्पर स्वीकार्य समाधान पर काम करे, जोकि संयुक्तराष्ट्र में दर्ज़ चीनी-ब्रितानी संयुक्त घोषणा के तहत चीन के अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप हो।
